बुधवार, 31 अगस्त 2022

अर्थ के आधार पर वाक्य भेद

 





अर्थ के आधार पर वाक्य भेद


प्रश्न 1: यदि वह जल्दी जगता, तो गाड़ी पकड़ लेता।--- अर्थ के आधार पर वाक्य पहचानिए। 

उत्तर: संकेतवाचक वाक्य

प्रश्न 2: उसने अपना कार्य पूरा कर लिया।-- संदेह वाचक वाक्य में बदलिए: 

उत्तर: शायद उसने अपना कार्य पूरा कर लिया।

प्रश्न 3: गांधी जी का नाम सबने सुना है।-- प्रश्नवाचक वाक्य में बदलिए:

उत्तर: गांधी जी का नाम किसने नहीं सुना?

प्रश्न 4: मोहन कल बाजार गया था। -- निषेधात्मक वाक्य में बदलिए। 

उत्तरः मोहन कल बाजार नहीं गया था।

 प्रश्न 5: आपकी यात्रा मंगलमय हो।-- वाक्य पहचानिए। 

उत्तर: इच्छावाचक वाक्य

प्रश्न 6: सूर्य स्थिर है। -- निषेधात्मक वाक्य में बदलिए।

उत्तर: सूर्य अस्थिर नहीं है।

प्रश्न 7: वह कल यहाँ से चला जाएगा।-- संदेहवाचक वाक्य में बदलिए। 

उत्तरः संभवतः वह कल यहाँ से चला जाएगा।

प्रश्न 8: आप सब पर प्रभु की कृपा बनी रहे।-- वाक्य पहचानिए।

उत्तर: इच्छावाचक वाक्य 

प्रश्न 9: क्या मेहनत हमें कमजोर बना सकती है?--- वाक्य भेद पहचानिए: 

उत्तरः प्रश्नवाचक वाक्य

प्रश्न 10: तान्या ने अपना पाठ याद कर लिया है। -- निषेधवाचक वाक्य में बदलिए।

उत्तर: तान्या ने अपना पाठ याद नहीं किया है।

प्रश्न 11: तुम आ गए हो।-- विस्मयादिबोधक वाक्य में बदलिए। 

उत्तर: अरे! तुम आ गए हो।

प्रश्न 12: आज हिंदी की कक्षा में गणित के अध्यापक जी ने आकर पढ़ाया।-- वाक्य भेद पहचानिए: 

उत्तरः विधानवाचक वाक्य

प्रश्न 13: यदि छुट्टियाँ हुईं तो हम कश्मीर अवश्य जाएँगे।-- वाक्य पहचानिए: 

उत्तरः संकेतवाचक वाक्य 

प्रश्न 14: मैं दौड़ नहीं सकता।-- वाक्य भेद पहचानिए।

उत्तर: निषेधात्मक वाक्य

प्रश्न 15: कपड़े धूप में सुखा दो।-- अर्थ के आधार पर वाक्य पहचानिए।

उत्तरः आज्ञार्थक वाक्य














।।

मंगलवार, 30 अगस्त 2022

उपसर्ग, प्रत्यय एवं समास

  



उपसर्ग, प्रत्यय एवं समास

प्रश्न 1: अत्यंत, अत्युत्तम, अत्याचार, अत्यधिक, अत्याधुनिक-- आदि शब्दों मैं कौन-सा उपसर्ग प्रयुक्त हुआ है?

उत्तर: 'अति' उपसर्ग

प्रश्न 2: 'अप्रत्याशित' शब्द के प्रारंभ में कौन से दो उपसर्गों का प्रयोग हुआ है?

उत्तरः 'अ' और 'प्रति'

प्रश्न 3: 'लाजवाब' शब्द में कौन-सा उपसर्ग जुड़ा है? 

उत्तरः 'ला' उपसर्ग (ला+जवाब)

प्रश्न 4: निर्मल, निर्भय, निवास, निर्दोष-- आदि शब्दों में से किस एक शब्द में 'निर्' उपसर्ग का प्रयोग नहीं हुआ है?

उत्तर: 'निवास' शब्द में 'निर्' उपसर्ग का प्रयोग नहीं हुआ है।

प्रश्न 5: उच्चारण, उन्नति, उद्देश्य, उत्पत्ति, उल्लंघन -- आदि शब्दों में कौन-सा उपसर्ग प्रयुक्त हुआ है? 

उत्तर: 'उत्' उपसर्ग

प्रश्न 6: 'पुजारिन' शब्द में प्रयुक्त प्रत्यय कौन-सा है?  

उत्तर'इन' प्रत्यय

प्रश्न 7: 'रंगीन' शब्द में प्रयुक्त प्रत्यय लिखिए:

उत्तर: 'इन' प्रत्यय

प्रश्न 8: 'शक्तिमान' शब्द में कौन-सा प्रत्यय है:

उत्तर: 'मान' प्रत्यय

प्रश्न 9: प्रत्यय मूल रूप से क्या होते हैं?

उत्तर: शब्दांश

प्रश्न 10: गर्माहट, घबराहट, कड़वाहट -- आदि शब्दों में कौन-सा प्रत्यय प्रयुक्त हुआ है?

उत्तर: 'आहट' प्रत्यय

प्रश्न 11: उपसर्ग शब्द में प्रयुक्त 'उप' का अर्थ क्या है?

उत्तर: समीप, निकट अथवा पास में

प्रश्न 12: मूल रूप में प्रत्यय के मुख्य दो प्रकार कौन से हैं?

उत्तर: कृत् प्रत्यय एवं तद्धित प्रत्यय

प्रश्न 13: क्रिया के मूल रूप से जुड़कर संज्ञा अथवा विशेषण शब्दों का निर्माण करने वाले प्रत्ययों को क्या कहते हैं?

उत्तर: कृत् प्रत्यय

प्रश्न 14: संज्ञा, सर्वनाम तथा विशेषण शब्दों के साथ जुड़ने वाले प्रत्ययों को क्या कहते हैं?

उत्तर: तद्धित प्रत्यय

प्रश्न 15: अपमानित, सम्मानित, आनंदित-- जैसे शब्दों में कौन-सा प्रत्यय का प्रयोग है?

उत्तर: 'इत' प्रत्यय 

प्रश्न 16: 'यशस्विनी' शब्द में कौन-सा प्रत्यय प्रयुक्त हुआ है?

उत्तर: 'इनी' प्रत्यय 

प्रश्न 17: रंगीला, चमकीला, रसीला -- आदि शब्दों में कौन-सा प्रत्यय प्रयुक्त हुआ है?

उत्तर: 'ईला' प्रत्यय 

प्रश्न 18: 'अष्टाध्यायी' समस्तपद में कौन-सा समास है?

उत्तरः द्विगु समास

प्रश्न 19: 'राजा-प्रजा' समस्तपद का समास विग्रह कीजिए: 

उत्तरः राजा और प्रजा

प्रश्न 20: जिस समास में दोनों पद प्रधान होते हैं तथा विग्रह करने पर 'और', 'या' आदि समुच्चयबोधक अव्यय लगते हैं, उसे कौन-सा समास कहते हैं?

उत्तरः द्वंद्व समास

प्रश्न 21: जिस समास में पहले तथा दूसरे पद में विशेषण-विशेष्य संबंध हो, उस समास को क्या कहते हैं?

उत्तर: कर्मधारय समास

प्रश्न 22: 'दानवीर' समस्तपद का समास-विग्रह कीजिए: 

उत्तर: दान में वीर

प्रश्न 23: 'वीणापाणि' बहुव्रीहि समास के इस समस्तपद का समास-विग्रह कीजिए: 

उत्तरः वीणा है पाणि (हाथ) में जिसके अर्थात सरस्वती

प्रश्न 24: 'लंबा है उदर जिसका अर्थात लंबोदर' का समस्त पद है -- 

उत्तरलंबोदर

प्रश्न 25: 'नीलगाय' समस्तपद का समास-विग्रह कीजिए: 

उत्तर: नीलगाय: नीली है जो गाय

प्रश्न 26: 'आराम के लिए कुर्सी' शब्दसमूह का समस्तपद है ----

उत्तर: आरामकुर्सी 

प्रश्न 27: 'शताब्दी' समस्तपद का समास विग्रह कीजिए: 

उत्तर: शताब्दी-- शत(सौ) अब्दों (वर्षों) का समाहार

प्रश्न 28: जहाँ समस्तपद में आए दोनों पद गौण होते हैं तथा समस्तपद किसी तीसरे पद के विषय में संकेत करे, वहाँ कौन-सा समास होता है? 

उत्तरः बहुव्रीहि समास

प्रश्न 29: 'यथाशीघ्र' समस्तपद में कौन-सा समास है? 

उत्तरः अव्ययीभाव समास 

प्रश्न 30: जिस समास में पहला पद संख्यावाचक हो, उसे क्या कहते हैं? 

उत्तर: द्विगु समास 

प्रश्न 31: 'त्रिफला' समस्त पद में समास का कौन-सा भेद है? 

उत्तरः द्विगु समास

प्रश्न 32: अष्टाध्यायी, आजीवन, ऋषि-मुनि, गोबर-गणेश --इनमें से कौन से समस्तपद में अव्ययीभाव समास है? 

उत्तरः आजीवन

प्रश्न 33: 'मुँहमाँगा' समस्तपद का सही विग्रह होगा --

उत्तर: मुँह से माँगा

प्रश्न 34: असफल, ताजमहल और नीलांबर-- समस्त पदों में से किसमें कर्मधारय समास है?

उत्तर: नीलांबर 

प्रश्न 35: समास के कुल कितने भेद हैं? 

उत्तर: छह














।।।



शनिवार, 18 दिसंबर 2021

 मंच पर आसीन आदरणीय...

 पूरे विश्व के पूजनीय और आदरणीय महात्मा गांधी जी की 150वीं जन्म जयंती के इस पावन अवसर पर उपस्थित सभी का हार्दिक अभिवादन।

सभी को पता है महात्मा गांधी भारत के राजनेता थे जिन्होंने अपने देश को आजादी दिलाने में सबसे प्रमुख भूमिका निभाई। विश्व भर में, आजादी की लड़ाई लड़ने वाले सभी देशों में इसी तरह के कई नेता अवश्य हुए हैं जो अपने देशवासियों के लिए परम आदरणीय हैं। उन्होंने भी अपने अपने देश के इतिहास के पन्नों में जगह बनाई है। लेकिन अपने देश की स्वतंत्रता की लड़ाई लड़ते हुए भी संसार भर के लोगों के दिलों में बसने की योग्यता महात्मा गांधी ने जिस तरह से हासिल की है, ऐसी योग्यता कम नेताओं में ही देखी जाती है।

भारतीय राजदूतावास द्वारा नेपाल की राजधानी काठमांडू में सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी की 150वीं जन्मजयंती मनाने का अपना अलग ही महत्व है, क्योंकि हमारी भूमि/हमारा देश नेपाल भी इसी आस्था के जनक महात्मा बुद्ध का देश है। भगवान बुद्ध ने आज से करीब ढाई हजार साल पहले सत्य और अहिंसा की जिस यात्रा की शुरुआत की थी, महात्मा गांधी ने भी उसी यात्रा को जारी रखा। ऐसा लगता है नेपाल की भूमि से सत्य और अहिंसा की रोशनी से संसार को नई राह दिखाने वाले बुद्ध ने ही भारतवर्ष में महात्मा गांधी के रूप में दोबारा जन्म लिया हो।

बहुत सारे लोगों के लिए परमाणु हथियारों के इस जमाने में सत्य और अहिंसा का शायद कोई मूल्य न हो, परंतु पूरी दुनिया को यह भी पता है कि सत्याग्रह, अहिंसा, अनशन और असहयोग आदि के बल पर ही एक बूँद खून बहाए बिना कभी सूर्य अस्त न होने वाले साम्राज्य के मालिक उस समय की महाशक्तिशाली अंग्रेजों से भारत वर्ष को मुक्त करने में महात्मा गांधी किस तरह सफल हुए।

दुबले-पतले, सामान्य शरीरवाले गांधी जी ने सत्य, अहिंसा के बल पर ही दुनिया के सामने जो अकल्पनीय और अविश्वसनीय सफलता पाई और एक नया मिसाल पेश किया, उससे सारी दुनिया चकित रह गई। दुनिया के सबसे तेज दिमाग के माने जाने वाले वैज्ञानिक आइंस्टाइन ने तो यहाँ तक कह दिया कि -- आने वाली नस्लें शायद मुश्किल से ही विश्वास करेंगी कि हाड़-मांस से बना हुआ कोई ऐसा व्यक्ति भी धरती पर चलता-फिरता था।

दूसरे विश्वयुद्ध के भयंकर परिणामों को देखते हुए शायद आइंस्टाइन ने कहा था--"... इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, दुनिया के सभी लोग गांधीजी के आदर्श और उपदेशों को अपनी बुनियादी नीति के रूप में स्वीकार करें। इसी में संसार का कल्याण है।"

आइंस्टाइन के मन में गांधीजी के प्रति अपार सम्मान था। उनके घर की दीवारों में दो तस्वीरें टंगी थीं, जिनमें एक तस्वीर थी -- महात्मा गांधी की।

 जाति, धर्म, संप्रदाय, भाषा की संकुचित राजनीति के इस दौर में, बाहुबल, हथियारों के शक्ति प्रदर्शन के इस दौर में आज भले ही गांधीजी की समालोचना होती हो, उनकी प्रासंगिकता कम आँकी जाती हो, लेकिन पूरे विश्व में स्थायी शांति लाने के लिए व्यक्ति-व्यक्ति से लेकर देश-देश के बीच की दुश्मनी मिटाने के लिए गांधीवाद का कोई विकल्प नहीं। गांधी का मार्ग ही दिन-ब-दिन बढ़ते युद्ध और आतंक के वातावरण को मिटा सकता है। बारूद के ढेर पर खड़ी दुनिया में गांधी दर्शन की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ रही है।

सामान्य व्यक्तियों का जीवन मृत्यु के साथ ही खत्म हो जाता है। अस्त्र-शस्त्रों का बल रखने वाले सम्राटों का साम्राज्य उनकी मृत्यु के सौ-पचास साल बाद तक कायम रहता है। लेकिन सत् विचारों का साम्राज्य सनातन रूप में कायम रहता है। हजारों साल पहले रचित वेद, उपनिषद, गीता के वचन, वेदव्यास, वाल्मीकि के ग्रंथों के संदेश राम, कृष्ण, बुद्ध के जीवन-आदर्श और सदुपदेश आज भी समाज को नई राह दिखाते हैं। हमारे ही समय में जन्म लेने के कारण गांधी जी को हम हमारे ही समाज के किसी सामान्य व्यक्ति के रूप में देखते हैं। आलोचना-समालोचना करते हैं। संकुचित दृष्टिकोण अपनाते हैं। जाति,धर्म, भाषा, संप्रदायों के नाम पर नफरत की राजनीति के चश्मे पहन कर उन पर आरोप प्रत्यारोप मढ़ते हैं। लेकिन गांधीजी का व्यक्तित्व इन सभी से परे था।

गांधी जी वास्तव में एक संत थे। सत्य-सनातन विचार और संस्कार अपनाने वाले आधुनिक युग के संत। कहा जाता है संत का अंत नहीं होता। संत देहमुक्त होकर अनंत हो जाता है। यह विडंबना ही है कि जिंदगी भर सत्य और अहिंसा की राह पर चलने वाले संत ही हिंसा के शिकार हुए। बंदूक की गोलियों में शरीर का अंत करने की शक्ति भले ही हो, विचारों का अंत वह नहीं कर सकतीं। गांधी तो एक विचार बन चुके थे। कुछ गोलियाँ उन्हें कैसे समाप्त करतीं।

अँधेरा जितना घना होता है, दीये का प्रकाश उतना ही अधिक चमकीला दिखाई देता है। विश्व जितना ही अधर्म, असत्य, अन्याय, अशांति, युद्ध, आतंक आदि के अँधेरे से ग्रस्त होगा, गांधीवाद और भी अधिक चमकीला दीया बनकर संसार को राह दिखाएगा। गांधी जी आज विश्व के लिए सिर्फ दीया नहीं, प्रकाशस्तंभ बन चुके हैं। विश्व के अनगिनत नेता गांधी जी के विचारों से प्रभावित हैं। दक्षिण अफ्रीका के नेलसन मंडेला, अफ्रीकी अमेरिकी नेता मार्टिन लूथर किंग, महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टाइन, बर्मा(म्याँमार) की वर्तमान लोकप्रिय नेत्री आंग सान सू की, तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा आदि विश्व के अनेक नेताओं पर गांधी जी के जीवन दर्शन और आदर्श का गहरा प्रभाव रहा है।

कई लोग कहते हैं कि मजबूरी का नाम महात्मा गांधी। लेकिन मजबूरी नहीं, मजबूती का दूसरा नाम है महात्मा गांधी। उनकी मजबूत संकल्प शक्ति और मजबूत इरादों ने ही उन्हें महात्मा गांधी बनाया। उनके दुबले-पतले शरीर में भी लोहे की मजबूती थी। वे कहा करते थे -- मेरा जीवन ही मेरा संदेश है। उनके जीवन से जुड़ी कुछ बातों से हम भी प्रेरणा ले सकते हैं, जैसे -- गांधीजी दूसरों के बजाय खुद पर विश्वास करते थे। वह कठोर संकल्प शक्ति के धनी थे। वे कहा करते थे कि कमजोर लोग कभी किसीको क्षमा नहीं करते। क्षमा करना तो मजबूत लोगों की विशेषता है। वह अपनी ही गलतियों से ज्यादा सीखते थे। वे चरित्र के भी उतने ही मजबूत थे। वह सत्य और अहिंसा के परम समर्थक थे। हिंसा-प्रतिहिंसा के बारे में उनका कहना था कि आँख के बदले आँख लेने का कार्य तो पूरे विश्व को अंधा बना कर रख देगा। अतः हिंसा-प्रतिहिंसा के बदले अहिंसा को अपनाकर ही हम विश्व को बचा सकते हैं। युद्ध से किसी मसले का हल नहीं हो सकता। वे अपना काम यथासंभव खुद ही करते थे। वे समय के अत्यंत पाबंद थे।  वे रोजाना अपने सभी कार्य समय पर करते थे।

आज उनकी जन्मजयंती के पावन अवसर पर मेरा सभी से आग्रह है कि आएँ, हम सभी उनके जीवन आदर्श को अपनाएँ। अपने मन में सत्य, अहिंसा, प्रेम, सद्भावना जगाएँ। समाज और देश के प्रति अपना कर्तव्य निभाएँ। 2 अक्टूबर का दिन भले ही उनकी जन्मजयंती मनाने और उन्हें स्मरण करने का एक दिवस और अवसर है परंतु हमें यह भी नहीं भूलना चाहिए कि यहीं हमारा कर्तव्य समाप्त नहीं होता। हमें उनके सद्भावपूर्ण विचारों को वर्ष भर, जीवनभर अपने दैनिक जीवन में सामाजिक राजनीतिक जीवन में हमारे आचार विचार में निष्ठा के साथ अपनाना होगा यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी अंत में आज के इस पावन अवसर पर पधारे हुए सभी गणमान्य व्यक्तियों और दर्शकों का स्वागत और अभिवादन करते हुए अपना मंतव्य यहीं समाप्त करता हूं धन्यवाद